Sharab Taskari: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मीरहाता बाजार में शनिवार की रात पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 50 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की. पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गया. जब्त शराब ऑफिस चॉइस ब्रांड की 180 एमएल की बताई जा रही है. पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर थाना लाया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब तस्कर का सारण जिले की जनता बाजार थाना पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम पीछा कर रही थी. पुलिस से बचने के लिए तस्कर कार लेकर भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गया. इसी दौरान मीरहाता बाजार में महावीरी मेला के कारण काफी भीड़ थी. भीड़ के चलते तस्कर कार को आगे नहीं ले जा सका और वाहन को बाजार में ही छोड़कर फरार हो गया.
पीछा करते हुए जनता बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. इधर, स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना भगवानपुर हाट थाना पुलिस को दी. थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसआई चंद्रशेखर पाल को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा. पुलिस टीम ने कार और उसमें लदी 50 कार्टून अंग्रेजी शराब को जब्त कर थाना लाया.
प्राथमिकी दर्ज कर तस्कर की तलाश
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि कार और शराब जब्ती के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जांच में जुटी है. पुलिस शराब की खेप के स्रोत और इसके संभावित ठिकाने का भी पता लगाने में जुटी है.
पिछले सप्ताह भी पकड़ी गयी थी शराब
शराब तस्करी के खिलाफ भगवानपुर हाट थाना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. पिछले सप्ताह भी पुलिस ने हिलसर मोड़ के पास एनएच-331 से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की थी. इस दौरान पुलिस ने शराब से लदी एक एक्सयूवी-300 कार जब्त करने के साथ उसके चालक को भी गिरफ्तार किया था.
लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद क्षेत्र में शराब तस्करी का प्रयास जारी रहने से पुलिस की चुनौती बढ़ गयी है. पुलिस शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच कर रही है.
