Siwan News : राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद्, पटना के निर्देश पर ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल हेडमास्टर ट्रेनिंग के लिए सीवान के 23 प्रधानाध्यापकों का चयन किया गया है. चयनित प्रधानाध्यापकों को 7 से 11 सितंबर तक एससीईआरटी, पटना में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों को 6 सितंबर की संध्या तक प्रशिक्षण स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
समय पर प्रशिक्षण केंद्र नहीं पहुंचे तो वेतन पर असर
जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सेवाकालीन प्रशिक्षण के लिए टैग किये गये प्रधानाध्यापक यदि निर्धारित समय पर प्रशिक्षण केंद्र में उपस्थित नहीं होते हैं, तो 7 से 11 सितंबर तक की प्रशिक्षण अवधि का वेतन स्थगित रहेगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद संबंधित प्रधानाध्यापकों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा.
प्रशिक्षण केंद्र पर वाहन ले जाने की अनुमति नहीं
प्रशिक्षण को लेकर कई तरह की पाबंदियां भी तय की गयी हैं. प्रशिक्षण केंद्र पर किसी भी प्रतिभागी को अपना वाहन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इसके साथ ही अर्दली, अंगरक्षक अथवा परिवार के किसी अन्य सदस्य को भी प्रशिक्षण स्थल पर रखने की अनुमति नहीं दी गयी है.
फॉर्मल ड्रेस में शामिल होना होगा अनिवार्य
प्रशिक्षण सत्र के दौरान सभी प्रतिभागियों को निर्धारित फॉर्मल ड्रेस में उपस्थित होना होगा. पुरुष प्रधानाध्यापकों को पैंट, शर्ट और टाई में तथा महिला प्रधानाध्यापकों को सलवार-कुर्ता अथवा साड़ी में प्रशिक्षण में शामिल होना होगा. सभी परिधान सौम्य रंग के होने चाहिए.
पीटी और योग सत्र के लिए भी ड्रेस कोड
प्रशिक्षण के दौरान होने वाले पीटी एवं योग सत्र के लिए भी ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है. इन सत्रों में व्हाइट या ब्लू पैंट पहनना अनिवार्य किया गया है. प्रशिक्षण में शामिल होने वाले प्रधानाध्यापकों को जारी निर्देशों के अनुसार ही ड्रेस में उपस्थित होना होगा.
नवजात शिशु को प्रशिक्षण कक्ष में लाने पर रोक
महिला प्रधानाध्यापकों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किये गये हैं. नवजात शिशु की देखभाल के लिए किसी व्यक्ति को साथ ले जाने तथा प्रशिक्षण कक्ष में नवजात शिशु को लाने की अनुमति नहीं होगी. प्रशिक्षण की अवधि के दौरान सभी प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा.
आधार, बैंक पासबुक और पैन कार्ड की छायाप्रति साथ लानी होगी
सभी चयनित प्रधानाध्यापकों को प्रशिक्षण केंद्र पहुंचते समय आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं पैन कार्ड की छायाप्रति साथ लेकर जाने का निर्देश दिया गया है. प्रशिक्षण से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर योगदान सुनिश्चित करने को कहा गया है.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने जारी किया आदेश
प्रधानाध्यापकों के प्रशिक्षण को लेकर कार्यालय आदेश जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा, सीवान की ओर से जारी किया गया है. आदेश में प्रशिक्षण की तिथि, योगदान की समय सीमा, ड्रेस कोड, दस्तावेज और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों का उल्लेख किया गया है.
