सिसवन : प्रखंड के चैनपुर बाजार से नागरिकता संशोधन एक्ट के समर्थन में बुधवार को दरौंदा के विधायक कणजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशाल पदयात्रा निकालकर क्षेत्र के लोगों को एनआरसी और सीएए के बारे में विस्तार से बताया.
साथ ही भ्रम में नहीं पड़ने की सलाह दी. पदयात्रा चैनपुर बाजार से निकलकर मालवीय चौक होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची. पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ सीएए का समर्थन करते हुए भारत माता की जय, वंदे-मातरम के नारे लगाये. लोगों को संबोधित करते हुए विधायक व्यास सिंह ने भारत में रहने वाले करोड़ों शरणार्थियों के लिए सीएए को वरदान बताया.
उन्होंने कहा की नागरिकता संशोधन कानून के नाम पर कुछ विरोधी तत्व जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहें है. सीएए नागरिकता छीनने वाला कानून नहीं है. इस कानून के तहत धार्मिक आधार पर सतये गये लोगों को सरकार नागरिकता देने का काम करेगी. मौके पर मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, हसनपुरा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाठक सहित दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
