सीवान : शहर के अस्पताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में डॉक्टर के नहीं रहने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने ही महिला का सिजेरियन कर दी. हालत गंभीर होने पर महिला को पुनः पटना में बुलाकर बुधवार को एक निजी अस्पताल में दुबारा ऑपरेशन किया गया.
ऑपरेशन के बाद गुरुवार को महिला ने जब दम तो दिया तो परिजनों ने महिला डॉक्टर के सीवान स्थित नर्सिंग होम पर जमकर हंगामा किया. मृत महिला का नाम सविता देवी है जो आसाव थाने के मझौलिया निवासी मंजेश की पत्नी थी. बताया जाता है कि जब कर्मचारियों को महिला की मौत की सूचना मिली तब वे सीवान स्थित अपने नर्सिंग होम को बंद कर फरार हो गये.
घटना के संबंध में मृत महिला के रिश्ते का भाई उपेंद्र शाह ने बताया कि मंगलवार को जीरादेई प्रखंड के जमापुर गांव की आशा उसकी बहन सविता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल रोड स्थित निजी क्लीनिक में भर्ती कराया. उसने बताया कि आधे घंटे के अंदर बताया गया कि तुरंत सिजेरियन करना पड़ेगा. परिवार के लोगों ने दवा जाकर दे दिया तथा सिजेरियन के बाद महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया.
ऑपरेशन के बाद जच्चा एवं बच्चा की हालत गंभीर होने लगी. उन्होंने बताया कि जब इसकी सूचना अस्पताल के डॉक्टर को हुई कि मरीज की हालत गंभीर हो गयी है तो उन्होंने मरीज को पटना बुलाया. परिजन बुधवार को एंबुलेंस से मरीज को देखकर पटना गये वहां पर दुबारा ऑपरेशन किया गया.
परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज की मौत हो जाने के बाद पटना में डॉक्टरों ने डॉक्टर मिताली के अस्पताल का पुर्जा छीन लिया. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टर द्वारा एफआइआर नहीं करने का दबाव बनाया जा रहा है. परिजनों ने बताया कि सहाय के एक शिशु रोग विशेषज्ञ के यहां नवजात बच्चा एडमिट है.
घटना के संबंध में डॉक्टर का पक्ष जानने का प्रयास किया गया. लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. सिविल सर्जन डॉ अशेष कुमार ने कहा कि परिजनों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद इस संबंध में जांच के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी.
