सीवान : नगर पर्षद क्षेत्र से निकलने वाले कचरे को ढोने वाले वाहन करीब तीन वर्षों से बिना रजिस्ट्रेशन के ही सड़क पर दौड़ रही है. इससे परिवहन विभाग को राजस्व की नुकसान हर वर्ष हो रही है.
बिना विभाग के रजिस्ट्रेशन के ही बिना नंबर के वाहन सड़क पर दौड़ रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई परिवहन विभाग नहीं कर रहा है केवल कोरम पूरा करने के लिए नोटिस ही बार-बार भेजा रहा है.
उसके बाद भी आज तक नगर पर्षद द्वारा इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है. ऐसी करीब दो दर्जन से अधिक वाहन की रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिला है.
नगर पर्षद के द्वारा कोई रजिस्ट्रेशन के लिए कदम नहीं उठाया जा रहा है. विभागीय जानकारी के अनुसार मोटर वाहन एक्ट के मुताबिक कोई भी वाहन बगैर इंश्योरेंस और नंबर के सड़क पर नहीं उतरना चाहिए.
यदि इसके बावजूद गाड़ी सड़क पर उतरी तो उसे सीज करने के साथ ही चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान है. यही नहीं, गाड़ी की चोरी होने पर नगर पर्षद इसकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं करा पायेगा. नियमानुसार, गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के बाद इंश्योरेंस करवाना होता है सरकारी गाड़ियों का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस जरूरी है.
ऐसा न होने पर हादसा होने पर पीड़ितों को क्लेम नहीं मिल सकेगा. इतना ही नहीं , गाड़ी को होने वाले नुकसान की भरपाई भी नगर पर्षद को खुद ही करनी होगी. इधर शहर के लोगों का कहना है कि अगर आम लोगों की वाहन होती तो बार-बार पुलिस प्रशासन व परिवहन विभाग के द्वारा कार्रवाई की जाती. लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है.
शहर की सफाई के लिए नप ने खरीदा था वाहन
बता दें कि सीवान नगर परिषद द्वारा तीन वर्ष पूर्व शहर की साफ-सफाई के लिए छोटी-बड़ी मिलकर दो दर्जन नयी गाड़ियों का क्रय किया गया. इनमें से कुछ मिनी वैन हैं तो कुछ बड़ी वाहन शामिल रही.
इस वाहन से रोजाना सुबह शहर के विभिन्न इलाको में जा कर सड़क और गलियों में इकट्ठे हुए कचरे को लाद कर दूसरे जगह गिराने का काम करती हैं.
लेकिन, हैरत में डालने वाली बात ये है कि इनमें से किसी भी गाड़ी पर आप उसका नंबर लिखा हुआ नहीं पायेंगे. कारण कि नगर परिषद ने इन सभी गाड़ियों का परिवहन विभाग से रजिस्ट्रेशन ही नहीं कराया है और बगैर रजिस्टेशन के ही इन गाड़ियों को रोजाना शहर की सड़कों पर दौड़ाया जाता है.
रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर होगी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी कृष्ण मोहन सिंह ने कहा कि बार-बार नोटिस देने के बाद भी नगर पर्षद द्वारा रजिस्ट्रेशन नहीं कराया जा रहा है. जल्द ही सभी वाहनों को सीज कर दी जायेगी. शहरी क्षेत्र से कूड़ा कचरा समय से उठे इसी कारण आज तक कार्रवाई नहीं हो रही थी.
अगर जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन नहीं होता है तो विभाग कार्रवाई करेंगे. अगर ये लोग रजिस्ट्रेशन कराते है तो उस पर जुर्माना राशि भी देना होगा. कार्यपालक पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि मुझे अभी इसकी जानकारी नहीं है. जल्द ही जानकारी प्राप्त करूंगा. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
