सीवान : रविवार की सुबह मुफस्सिल थाने क्षेत्र के एफसीआइ गोदाम के समीप से रविवार की रात्रि में अगवा की गयी महिला अंगुरा खातून की लाश मिलने से शहर में सनसनी फैल गयी. कपड़े से अच्छे परिवार की लगनेवाली महिला के शव को देखकर करीब दो घंटे तक लोग उसकी पहचान करने में जुटे रहे.
इसी बीच उसके पति ने आकर उसकी पहचान अपनी पत्नी के रूप में की. महिला की लाश को देखने से ऐसा लग रहा था कि दूसरी जगह उसकी गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को यहां पर फेंका गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर हमेशा लोग रहते हैं. यहां पर किसी ने इस प्रकार की घटना होते नहीं देखा है.
मृत महिला के हाथों में घड़ी, गले में चेन तथा पर्स में रुपये व मोबाइल फोन पुलिस ने सुरक्षित पाया है. इसका मतलब यह है कि अपराधियों द्वारा अगवा करने के बाद एकमात्र उद्देश्य महिला की हत्या करना था. महिला के कपड़े भी ठीक-ठाक थे तथा शरीर पर कहीं भी जख्म के निशान नहीं मिले. इससे साबित हाेता है कि अपराधियों ने हत्या करने के पहले महिला के साथ कुछ भी गलत नहीं किया है.
सीडीआर खंगालने में जुटी पुलिस
मृत महिला अंगुरा खातून के मोबाइल फोन के सीडीआर को पुलिस खंगालने में जुट गयी है. पुलिस को ऐसा लग रहा है कि महिला के मोबाइल फोन के सीडीआर से अहम सुराग मिल सकता है. हत्या के पहले किन लोगों से महिला ने बात की है. इसकी जानकारी मिलेगी.
साथ ही पुलिस को यह भी जानकारी मिलेगी कि महिला किन लोगों से अधिक बात करती थी. वैसे पुलिस पति शेख मोजीबुर्रहमान के मोबाइल का भी सीडीआर खंगालने का विचार कर रही है.
पुलिस को इस हत्या के संबंध में हो रही तरह-तरह चर्चाओं की भी जानकारी होने से पुलिस सभी बिंदुओं की जांच करने के बाद कोई ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने की योजना बनायी है.
मोजीबुर्रहमान द्वारा सुरापुर घर में अपने तीन बच्चों को छोड़कर पत्नी के साथ अकेले जाना भी कई सवालों को जन्म देता है.
मोजीबुरर्रहमान की शिकायत के बाद भी गश्ती दल ने नहीं दिखायी रुचि : सीवान. मुफस्सिल थाने के बलेथा टोला केवल हाता निवासी मोजीबुर्रहमान ने घटना स्थल पर रोते हुए कहा कि अगर पुलिस रात में ही कार्रवाई की रहती तो मेरी पत्नी अंगुरा खातून की हत्या नहीं होती.
पत्नी को अपराधियों द्वारा अगवा करने के बाद मैं तुरंत कुछ दूरी पर मौजूद मुफस्सिल थाने के गश्ती दल को घटना की जानकारी दी. इसके बाद गश्ती दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी द्वारा कहा गया कि घटना की जानकारी आप पहले थाना को दे तब कार्रवाई होगी.
शहर में जब से मकान बनाया तब से परेशान था मोजीबुर्रहमान : अंगुरा खातून का पति मोजीबुरर्रहमान ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसने शहर के सुरापुर में मकान बनवाया एवं उसी समय से परेशान है. दो पुत्रों, एक पुत्री व पत्नी के साथ करीब तीन साल से रहता था.
उसने बताया कि वह तीन साल पहले विदेश से सीवान आया तथा परेशानियों को लेकर वापस नहीं गया. उसने बताया कि एक अज्ञात आदमी उसके तथा उसकी पत्नी के मोबाइल फोन पर गाली-गलौज कर धमकी देकर रंगदारी की मांग करता था.
इस संबंध में उसने इसकी शिकायत स्थानीय थाने व वरीय पुलिस अधिकारियों से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
दोनों पैर की जूती बता रही है कि हत्या का था प्री प्लान
अंगुरा खातून के अपहरण से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक उसका डेड बॉडी आया. लेकिन उसके पैरों की जूती नहीं निकली. पति के अनुसार मारुति वैन पर सवार अपराधियों ने जबर्दस्ती उसको बाइक से उतारकर वैन से लेकर चले गये. अपहरण के बाद निश्चित है कि अंगुरा खातून ने अपराधियों का विरोध किया होगा. इस दौरान उसके एक पैर की भी जूती निकल जानी चाहिए लेकिन उसकी दोनों पैर की जूती सही सलामत है.
मानों ऐसा लग रहा है कि उसकी सहमति से कही ले जाने के बाद उसकी गोली मारकर हत्या करने के बाद अपराधियों ने आराम से उसके शव को एफसीआई गोदाम के पास रख दिया है. महिला के कपड़े भी पूरी तरह से व्यवस्थित ढंग से थे. इससे लग रहा है कि अंगुरा खातून की हत्या प्री प्लान कर की गयी है.
