Siwan News: जिले के गुठनी क्षेत्र के दोन पंचायत अंतर्गत मस्मासिया नहर के समीप घनी आबादी वाले इलाके में बुधवार की देर रात करीब 10 फीट लंबा विशाल अजगर निकलने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में वन विभाग की टीम को सौंप दिया. अजगर के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद ही बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली.
नहर किनारे दिखा विशालकाय अजगर, मौके पर जुटी भीड़
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब 10 फीट लंबा अजगर रेंगते हुए नहर के पास बस्ती की तरफ आ पहुंचा. अजगर को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. शोर सुनकर वार्ड सदस्य अली अहमद उर्फ बहारन, मृत्युंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने साहस और सावधानी से काम लिया. बिना किसी नुकसान के लाठी-डंडे और मच्छरदानी की मदद से अजगर को काबू में कर एक सुरक्षित बोरे में बंद किया गया.
प्रशासन को दी गई सूचना, वन विभाग को सौंपा गया
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे और अंचलाधिकारी विद्या भूषण कुमार भारती को दी. प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशानुसार वार्ड सदस्य और स्थानीय ग्रामीणों ने निजी वाहन से अजगर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, दरौली के कार्यालय पहुंचाया.
वन विभाग के कर्मियों ने अजगर को अपने संरक्षण में ले लिया. अधिकारियों के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण के बाद अजगर को सुरक्षित प्राकृतिक वास में छोड़ दिया जाएगा.
अपील व सावधानी: वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि रिहायशी इलाकों में सांप या अन्य जंगली जीव दिखने पर घबराएं नहीं और न ही स्वयं उन्हें पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें. ऐसे मामलों में तुरंत स्थानीय प्रशासन या वन विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें.
