Riga Road Waterlogging: रीगा-मेजरगंज मुख्य पथ पर प्रखंड मुख्यालय से दक्षिण पोस्ट ऑफिस के समीप जर्जर सड़क पर जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बरसात के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
यह सड़क जिला मुख्यालय को रीगा, सहियारा और मेजरगंज प्रखंड से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है.
नाला ऊंचा, सड़क बनी तालाब
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बना नाला सड़क से करीब एक फीट ऊंचा है. इसी कारण नाले का पानी सड़क पर ही जमा रहता है और यहां हमेशा तालाब जैसी स्थिति बनी रहती है.
बरसात के दिनों में जलजमाव और बढ़ जाने से आवागमन काफी जोखिम भरा हो जाता है.
हर समय बना रहता है हादसे का खतरा
कुशमारी पंचायत के मुखिया प्रेमचंद कुमार और पूर्व मुखिया शंभू पासवान ने बताया कि इस स्थान पर आए दिन छोटी-बड़ी सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है.
जलनिकासी और सड़क मरम्मत की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं. ऐसे में सड़क की मरम्मत और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
