सीतामढ़ी सदर अस्पताल से विचाराधीन बंदी फरार, पांच पुलिसकर्मी थे तैनात फिर भी दे गया चकमा

सीतामढ़ी सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है. एक विचाराधीन कैदी पांच पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Sitamarhi Crime News: सीतामढ़ी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से मंगलवार सुबह एक विचाराधीन बंदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इस मामले ने अस्पताल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

फरार बंदी की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के परशुरामपुर निवासी फेकन कुमार के रूप में हुई है. वह अमृत साह का पुत्र है.

इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया था भर्ती

जेल अधीक्षक जलज कुमार ने बताया कि फेकन कुमार को 14 जुलाई 2026 को न्यायालय के आदेश पर मंडल कारा भेजा गया था. उसके पैर में पुरानी गोली लगने के कारण इलाज चल रहा था.

बेहतर उपचार के लिए 24 जुलाई को जिला पुलिस ने एक महिला पुलिसकर्मी समेत पांच पुलिसकर्मियों की निगरानी में उसे सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया था.

लापरवाही का फायदा उठाकर हुआ फरार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही का फायदा उठाकर फेकन कुमार कैदी वार्ड से फरार हो गया.

जेल प्रशासन के मुताबिक, घटना की सूचना भी तत्काल नहीं दी गई. जेल अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने दोपहर बाद जानकारी दी, जिससे बंदी की तलाश शुरू करने में देरी हुई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे.

पुलिस अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बंदी किस रास्ते से बाहर निकला और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

नगर थानाध्यक्ष ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्र मोहन झा

चंद्रमोहन विगत 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे जिला और ब्लॉक स्तर पर क्राइम तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी संवेदनशील खबरों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के समसामयिक मुद्दों पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >