Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के गाढ़ा थाना क्षेत्र से देश विरोधी गतिविधियों में कथित संलिप्तता और पाकिस्तान स्थित लोगों से संपर्क के आरोप में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान टकौर गांव निवासी मोहम्मद अखलाक और मोहम्मद अरमान के रूप में हुई है. पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
सोशल मीडिया के जरिए संपर्क का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों संदिग्धों के इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के माध्यम से पाकिस्तान में मौजूद लोगों के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं. आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें देश में सामाजिक अशांति फैलाने और अन्य देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया जा रहा था. इन आरोपों की जांच जारी है.
मोबाइल की फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि मोबाइल से पाकिस्तान के एक व्यक्ति राणा हसनैन का नंबर मिला है. पुलिस अब चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि आरोपों की पुष्टि की जा सके.
कटिहार मामले से भी जुड़े होने की जांच
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि गिरफ्तार दोनों संदिग्धों का कटिहार में दर्ज कांड संख्या 229/2026 के आरोपितों से कोई संबंध है या नहीं. पुलिस का कहना है कि इस पहलू की भी गंभीरता से जांच की जा रही है.
एक अन्य संदिग्ध की तलाश
मामले में टकौर गांव निवासी अब्दुल अहद की भी तलाश की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि वह भी इस कथित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. उससे जुड़े तथ्यों की जांच के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों संदिग्धों को बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायिक हिरासत में न्यायालय में पेश किया. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
