सीतामढ़ी अग्निकांड: भिट्ठा थाना क्षेत्र के कोरियाही गांव में मंगलवार की देर शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में रिसाव से दो सहोदर भाइयों के खपरैल घर में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया. अगलगी में अनाज, कपड़े, जेवरात, नकद, फर्नीचर, जरूरी कागजात और एक बाइक समेत करीब आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया.
ग्रामीणों ने घर से बाहर निकाला गैस सिलेंडर
अगलगी की घटना वार्ड संख्या पांच निवासी स्व. प्रताप नारायण झा के पुत्र सुधीर झा और मोहन झा के घर में हुई. आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी मच गयी. आग की लपटें देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये.
ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए जलते घर के अंदर से गैस सिलेंडर को बाहर निकाला और दूर फेंक दिया. इसके बाद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के दूसरे घरों तक फैलने से रोकने में मदद मिली.
अग्निशमन टीम ने ग्रामीणों की मदद से पाया काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन दस्ता की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने तक दोनों भाइयों के घरों में रखा काफी सामान जल चुका था.
बताया गया कि अगलगी में दोनों घरों का अनाज, वस्त्र, सोना-चांदी के आभूषण, नकद रुपये, फर्नीचर, महत्वपूर्ण कागजात और एक बाइक समेत करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. सुधीर झा की पत्नी पूनम देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं. पंचायत की मुखिया राजेश पासवान ने अगलगी की पुष्टि की है.
मुखिया ने बताया कि घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गयी है. सरकारी प्रावधानों के अनुसार अग्निपीड़ित परिवारों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
यह भी पढे़ं:
