Sitamarhi News: सुरसंड नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 और 14 में पिछले चार दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है. सबमर्सिबल में लगी मोटर जल जाने के बाद अब तक उसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है. ऐसे में दोनों वार्डों के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं. गुरुवार की दोपहर चिलचिलाती धूप में लोग बाल्टी और गैलन लेकर टैंकर का इंतजार करते नजर आए. समय पर पानी उपलब्ध नहीं होने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है.
Sursand News: चार दिन से जली मोटर, पानी के लिए हाहाकार
वार्ड 13 और 14 में लगे सबमर्सिबल की मोटर करीब चार दिन पहले जल गयी थी. इसके बाद से दोनों वार्डों में जलापूर्ति बाधित है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर प्रशासन की ओर से अब तक जली मोटर की मरम्मत के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
पानी की समस्या के कारण लोगों को खाना बनाने, स्नान करने और शौचालय समेत रोजमर्रा के कामों के लिए भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.
चिलचिलाती धूप में टैंकर का इंतजार
पानी की जरूरत पूरी करने के लिए नगर प्रशासन की ओर से टैंकर भेजा जा रहा है, लेकिन लोगों का कहना है कि टैंकर समय पर नहीं पहुंचता. बुधवार को सुबह सात बजे टैंकर पहुंचा था, जबकि गुरुवार को दोपहर में पानी उपलब्ध कराया गया.
टैंकर आने की उम्मीद में लोग सुबह से ही बाल्टी और गैलन लेकर सड़क पर खड़े रहते हैं. कई लोगों के लिए यह इंतजार रोज की मजबूरी बन गया है.
एक प्राइवेट टैंकर के भरोसे पूरा नगर
कार्यालय सूत्रों के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय परिसर में दो सरकारी टैंकर खड़े हैं. इसके बावजूद पूरे नगर क्षेत्र में पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी सिर्फ एक प्राइवेट टैंकर को दी गयी है. लोगों का कहना है कि इतने बड़े क्षेत्र के लिए एक टैंकर पर्याप्त नहीं है.
टैंकर चालक अरुण कुमार ने बताया कि वार्ड 15 में नल-जल चालू रहने के बावजूद पाइपलाइन का काम अधूरा होने से सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है. पहले वहां पानी पहुंचाने के बाद वार्ड 13 और 14 में टैंकर भेजा जाता है.
सुपरवाइजरों पर भी फोन नहीं उठाने का आरोप
नगर प्रशासन ने पानी की आपूर्ति के लिए एक टैंकर पर चार सुपरवाइजर रोहित कुमार, जीतन कुमार, प्रकाश कुमार और सुशील कुमार की प्रतिनियुक्ति की है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी देने के लिए फोन करने पर कई बार कॉल रिसीव नहीं की जाती.
वहीं, कार्यपालक पदाधिकारी पर भी फोन और व्हाट्सएप संदेश का जवाब नहीं देने का आरोप लगाया गया है. इससे नगरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
सड़क पर उतरने की तैयारी में नगरवासी
लगातार पेयजल संकट से परेशान लोगों में नगर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है. लोगों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर सड़क पर उतरकर विरोध करने की चेतावनी दी है.
बताया गया कि भू-जल स्तर गिरने के कारण सुरसंड नगर पंचायत क्षेत्र के लोग करीब एक महीने से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क नहीं होने के बाद मामले की जानकारी पुपरी एसडीओ गौरव कुमार को भी दी गयी है. एसडीओ ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है.
यह भी पढ़ें: डीसीएलआर कंचन कुमारी झा के आवास पर निगरानी का छापा, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप
