Sitamarhi News: रविवार और सोमवार को हुई सामान्य बारिश तथा लगातार दो दिनों तक खराब मौसम के बाद मंगलवार को सीतामढ़ी में मौसम का मिजाज बदल गया. जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर मौसम सामान्य रहा. बीच-बीच में धूप निकलने से उमस और गर्मी बढ़ गई. मौसम वैज्ञानिकों ने मंगलवार रात से फिर मौसम बदलने और अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है.
Weather News: तापमान बढ़ने से उमस में हुई बढ़ोतरी
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच था, जबकि मंगलवार को इसमें वृद्धि दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तापमान बढ़ने के कारण वातावरण में उमस भी बढ़ गई.
मंगलवार रात से फिर सक्रिय हो सकता है मौसम
उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात से मौसम फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार और गुरुवार को जिले में अच्छी वर्षा होने की संभावना है. इन दोनों दिनों में अधिकांश समय आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा बीच-बीच में तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है. केवल कुछ समय के लिए ही धूप निकलने की संभावना है.
किसानों के लिए लाभकारी होगी बारिश
प्रधान वैज्ञानिक ने बताया कि संभावित वर्षा धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी. पर्याप्त वर्षा होने से खेतों में नमी बनी रहेगी और फसलों की वृद्धि में मदद मिलेगी. इससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है. तेज हवा और गरज के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने तथा आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें: सुप्पी में मधुश्रावणी पर्व की धूम, नवविवाहिताओं ने नाग देवता की पूजा कर अखंड सौभाग्य की मांगी कामना
