Sitamarhi News: बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह एमडी के निर्देशानुसार सीतामढ़ी जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों, प्रमंडलों एवं अवर प्रमंडल कार्यालयों में सोमवार से विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर की शुरुआत हुई. शिविर के पहले दिन गलत मीटर रीडिंग, औसत बिलिंग, दोषपूर्ण मीटर और नए कनेक्शन से जुड़ी शिकायतों को लेकर कुल 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का ऑन-स्पॉट निष्पादन कर उपभोक्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की गई.
सीतामढ़ी प्रमंडल में आए 27 आवेदन, 13 का तुरंत समाधान
रिपोर्ट के अनुसार, सीतामढ़ी विद्युत प्रमंडल के अंतर्गत विभिन्न अवर प्रमंडल कार्यालयों में पहले दिन कुल 27 आवेदन दर्ज किए गए.
इनमें सीतामढ़ी अर्बन में 8, रुन्नीसैदपुर में 12, बैरगनिया में 2 और रीगा में 5 आवेदन प्राप्त हुए. अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 13 आवेदनों का मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष 14 आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है.
22 अगस्त तक सभी कार्य दिवसों पर आयोजित होंगे शिविर
विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए यह विशेष सुधार शिविर 22 अगस्त तक जारी रहेगा.
जिले के सीतामढ़ी, रुन्नीसैदपुर, बैरगनिया, रीगा, पुपरी, सुरसंड, बथनाहा व नानपुर अवर प्रमंडल कार्यालयों तथा सीतामढ़ी व पुपरी प्रमंडल कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस पर अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें.
गलत मीटर रीडिंग और औसत बिलिंग की होगी गहन जांच
शिविर में ऐसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जहां मीटर रीडिंग में मानवीय या तकनीकी त्रुटि के कारण अत्यधिक बिल आ गया हो.
इसके अलावा मीटर रीडिंग के अभाव में मनमाने ढंग से औसत बिल जारी होने, दोषपूर्ण मीटर लगे होने तथा बकाया राशि से जुड़े विवादों की नियमानुसार जांच कर ऑन-स्पॉट सुधार किया जा रहा है.
उपभोक्ता समय पर पहुंचकर उठाएं लाभ: कार्यपालक अभियंता
विद्युत कार्यपालक अभियंता समीर कुमार ने बताया कि पहले दिन कुल प्राप्त आवेदनों में से लगभग आधे मामलों का तुरंत समाधान कर दिया गया है.
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उनके बिजली बिल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, मीटर रीडिंग की त्रुटि या अत्यधिक बिल की समस्या है, तो वे 22 अगस्त तक निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर आवेदन दें और इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं.
