Sitamarhi News: ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने के साथ आवश्यकतानुसार नई परिसंपत्तियों के निर्माण को लेकर शनिवार को समाहरणालय में बैठक हुई. डीएम तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में विशेष अभियान के तहत कार्ययोजना पर चर्चा की गयी. डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर करीब 10 योजनाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया.
हर पंचायत में करीब 10 योजनाओं का होगा चयन
डीएम ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं की स्थिति और स्थानीय जरूरत का आकलन कर योजनाओं का चयन किया जाए. इसमें मौजूदा परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण के साथ आवश्यकता के अनुसार नयी परिसंपत्तियों के निर्माण को भी शामिल किया जाएगा. योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकता, जनहित और उपयोगिता को ध्यान में रखकर करने का निर्देश दिया गया.
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर रहेगा फोकस
बैठक में विद्यालयों के भवन और अन्य आधारभूत संरचनाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया. इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक भवनों के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन को भी योजनाओं में शामिल करने का निर्देश दिया गया.
स्वास्थ्य केंद्रों को भी किया जाएगा मजबूत
डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन पर भी ध्यान देने को कहा. आवश्यकतानुसार नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण के साथ स्थानीय जरूरत से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया.
योजनाओं में जनहित और उपयोगिता सर्वोच्च प्राथमिकता
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन में केवल निर्माण पर ध्यान नहीं दिया जाए, बल्कि उससे ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधा और उपयोगिता को भी देखा जाए. उन्होंने स्थानीय आवश्यकता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा.
डीडीसी और बीडीओ करेंगे योजनाओं की निगरानी
डीएम ने डीडीसी श्वेता भारती को प्राप्त प्रतिवेदनों का समेकन और परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं, सभी बीडीओ को अपने-अपने प्रखंडों में योजनाओं के चयन की प्रक्रिया का अनुश्रवण करने को कहा गया.
बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, सिविल सर्जन डॉ आरके यादव, अपर समाहर्ता संजीव कुमार, डीआरडीए निदेशक राजेश भूषण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: HIV से बचाव के लिए जागरूकता अभियान तेज, जांच से दवा तक एक ही कैंप में मिल रही सुविधा
