Nepali Liquor Smuggling Sitamarhi: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी 51वीं बटालियन लालबंदी बीओपी के जवानों ने शुक्रवार की दोपहर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर दो बाइक, भारी मात्रा में नेपाली व अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया तस्कर बेला थाना क्षेत्र के मलहाटोल का निवासी विमलेश पासवान (पिता नागा पासवान) बताया गया है.
Sitamarhi News: सीमा पिलर 319/24 के पास जवानों ने लगाया नाका
कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर राहुल सिंह ढाका ने बताया कि सीमा पार नेपाल से बाइक द्वारा शराब की बड़ी खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पिलर संख्या 319/24 दरबार लालबंदी गांव के समीप मुख्य आरक्षी देवानंद, आरक्षी विपिन कुमार, विजय प्रताप सिंह और नभा दास की टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर दी.
Liquor Smuggling: तसला में छिपाकर लाई जा रही थी शराब, एक तस्कर फरार
जवानों को देखते ही बाइक सवार तस्कर घबरा गए. इस दौरान एक तस्कर अपनी बाइक छोड़कर नेपाल की सीमा की तरफ भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे तस्कर को जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया. पकड़े गए तस्कर की बाइक पर पीछे बंधे एल्युमिनियम के तसले की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 358 पीस नेपाली देशी शौफी शराब और एसी ब्लैक (AC Black) ब्रांड की 17 बोतल (375 ML) व 14 बोतल (180 ML) अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
एफआईआर दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
एसएसबी ने जब्त की गई दोनों बाइक और शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर को सोनबरसा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया. मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
