Ganja Smuggling News: सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस टीम ने सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर भनसपट्टी पुल के समीप एक यात्री बस में छापेमारी कर 25.890 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस दौरान मौके से दो महिलाओं समेत छह तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है.
सवारी गाड़ी की चेकिंग में खुली पोल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि यात्री बस के जरिए भारी मात्रा में गांजे की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही भनसपट्टी पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान एक संदिग्ध सवारी गाड़ी को रोककर जांच की गई, जिसमें सवार दो महिलाओं और चार पुरुषों को नीचे उतारा गया.
बैग की तलाशी में मिला गांजे का जखीरा
संदिग्धों के पास मौजूद लाल और काले रंग के बैगों की जब गहन तलाशी ली गई, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए. बैग में छुपाकर रखा गया कुल 25 किलोग्राम 890 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मादक पदार्थ को जब्त करते हुए सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया.
सीतामढ़ी और वैशाली के रहने वाले हैं तस्कर
कड़ाई से की गई पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार तस्करों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- नगीना खातून (पति - सीतामढ़ी, भवदेपुर मेन रोड वार्ड 13)
- हसमुल खातून (सीतामढ़ी, भवदेपुर मेन रोड वार्ड 13)
- मोहम्मद रशीद (सीतामढ़ी, भवदेपुर मेन रोड वार्ड 13)
- अवधेश राय (वैशाली, राघोपुर थाना क्षेत्र, मोहनपुर वार्ड 13)
- महेश भगत (वैशाली, फतेहपुर खुदगास)
- जोधी राय (वैशाली, रामपुर)
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
