Sitamarhi railway update: माता सीता की पावन स्थली सीतामढ़ी अब सीधे राजस्थान की राजधानी जयपुर (खातीपुरा) से जुड़ गई है. ट्रेन संख्या 19725/19726 खातीपुरा-सीतामढ़ी-दरभंगा के बीच नियमित रेल सेवा शुरू होने से पूरे इलाके के रेल यात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. इस नई ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से खातीपुरा स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
जंक्शन पर हुआ भव्य स्वागत
ट्रेन के पहली बार सीतामढ़ी जंक्शन पहुंचने पर केंद्रीय रेल यात्री संघ और कैट (CAIT) के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका के नेतृत्व में ट्रेन का जोरदार स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने मिथिलांचल को राजस्थान से सीधे जोड़ने के लिए रेलमंत्री और स्थानीय सांसद देवेश चंद्र ठाकुर का विशेष आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर और राजपूताना वास्तुकला तक यहाँ के यात्रियों की पहुंच अब बेहद आसान और सुलभ हो जाएगी.
सांसद से समय सारिणी में सुधार और नमो भारत रैपिड ट्रेन चलाने की मांग
कैट के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका ने इस सीधी ट्रेन सेवा के लिए धन्यवाद देने के साथ ही स्थानीय सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से क्षेत्र के विकास के लिए कुछ और मांगें भी रखीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस ट्रेन की समय सारिणी में आवश्यक सुधार किया जाएगा, इसमें कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी और क्षेत्र में ‘नमो भारत रैपिड रेल’ की सेवा भी जल्द शुरू कराई जाएगी.
लोको पायलट और रेलकर्मियों का हुआ सम्मान
इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने उद्घाटन ट्रेन के लोको पायलट अरविंद कुमार और सहायक लोको पायलट अभिनव राज को जंक्शन पर फूल-माला पहनाई गई और मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया. इस भव्य स्वागत समारोह के दौरान स्टेशन अधीक्षक नीतीश्वर कुमार सिंह, वाणिज्य अधीक्षक अजय कुमार सहित भारी संख्या में स्थानीय रेल अधिकारी उपस्थित रहे.
यह रहेगी ट्रेन की समय सारिणी (Time Table)
रेलवे प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 19725 खातीपुरा से प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार (सप्ताह में 6 दिन) को रात 22:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 22:10 बजे सीतामढ़ी जंक्शन पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा से सुबह 04:30 बजे खुलकर सुबह 06:00 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी और यहाँ 5 मिनट के ठहराव के बाद सुबह 06:05 बजे जयपुर के लिए रवाना हो जाएगी.
