Sitamarhi News:सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां स्थित ध्रुबाशा मेडिकल कॉलेज रिसर्च सेंटर के फार्मा डिविजन परिसर में गुरुवार को एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला. मृतका की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के रामचंद्र सिंह की पुत्री कविता देवी (30) के रूप में हुई है, जो इसी मेडिकल कॉलेज में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी.
परिजनों का फूटा गुस्सा, एनएच-22 को किया पूरी तरह जाम
कविता की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके वाले और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. मौत को संदिग्ध बताते हुए आक्रोशित परिजनों ने बथनाहा के पांच माइल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) को पूरी तरह जाम कर दिया.सड़क पर टायर जलाकर और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब तीन घंटे तक कड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया. जाम के कारण एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. परिजनों ने बताया कि कविता की शादी सात साल पहले बेलसंड के पचनौर निवासी राकेश कुमार से हुई थी और उसका एक 5 साल का बेटा भी है.
एएसपी के आश्वासन पर खुला जाम, 3 संदेही हिरासत में
शुरुआती स्तर पर स्थानीय पुलिस के समझाने के बावजूद ग्रामीण सड़क से हटने को तैयार नहीं थे. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी सह सदर एसडीपीओ-2 आशीष आनंद खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से लंबी वार्ता की और निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर स्थिति को शांत कराया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हाइवे पर यातायात सुचारू हो सका.
तीन लोगों को हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है. एएसपी आशीष आनंद ने बताया कि पूरे मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं से बारीकी से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा, फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है.
बथनाहा से रतिकांत झा की रिपोर्ट
