Sitamarhi News: सोनबरसा में बेखौफ अपराधियों का तांडव, हथियार के बल पर व्यवसायी के पुत्र से 2.70 लाख और मोबाइल लूटा

Sitamarhi News: सीतामढ़ी के कन्हौली थाना क्षेत्र में एनएच-22 पर अपराधियों ने व्यवसायी के पुत्र से 2.70 लाख और मोबाइल लूट लिया.घटना के बाद विधायक गायत्री देवी ने एसपी से बात कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है.जानिए पूरी खबर…

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा के तमाम दावों को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है . एनएच-22 पर अररिया और परछहिया गांव के बीच स्थित मुलही पोखर के समीप बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर एक व्यवसायी के पुत्र से 2 लाख 70 हजार नकद और करीब 42 हजार कीमत का स्मार्टफोन लूट लिया . इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके के व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है.

बीमार बहन को अस्पताल में देखकर लौट रहे थे मां-बेटे

मिली जानकारी के अनुसार, सोनबरसा गांव निवासी एवं ‘ओम साई इंटरप्राइजेज’ के प्रोपराइटर मनोज महतो के पुत्र सोनू कुमार सिंह अपनी मां सिकिंदर देवी के साथ टीवीएस अपाचे बाइक से सीतामढ़ी के रमनगरा स्थित एक अस्पताल गए थे . वहां अपनी बीमार बहन का हालचाल लेने और इलाज की व्यवस्था करने के बाद दोनों मां-बेटे वापस अपने घर लौट रहे थे . इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया.

नकाबपोश अपराधियों ने सिर पर तानी पिस्टल, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

सोनू कुमार ने बताया कि जैसे ही उनकी बाइक मुलही पोखर के समीप पहुंची, एक ही बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर जबरन रोक लिया . बाइक रुकते ही अपराधियों ने सोनू और उनकी मां के सिर पर पिस्टल तान दी . विरोध करने पर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए सोनू के पास मौजूद 2,70,000 नकद और 42,000 का कीमती मोबाइल फोन जबरन छीन लिया . वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए आराम से फरार हो गए .

विधायक गायत्री देवी ने एसपी से की बात, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक गायत्री देवी और पूर्व विधायक रामनरेश यादव तुरंत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे . कानून व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए विधायक गायत्री देवी ने मौके से ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दूरभाष पर सीधे बात की और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी का निर्देश दिया . कन्हौली थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है . एनएच पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम छापेमारी कर रही है .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >