सीतामढ़ी के बेलसंड से तूसीम कुमार सोलंकी की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत वार्ड नंबर 03 में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है . यहाँ भूमि विवाद की जांच और मामले के अनुसंधान के लिए गई पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया . इस हमले में जांच करने गए सब-इंस्पेक्टर (पु० अ० नि०) सुशील कुमार सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं . उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव किया, दरोगा की वर्दी फाड़ दी और उनके साथ मारपीट की . पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य छत के रास्ते फरार हो गए.
समझाने पर उग्र हुए आरोपी, दरोगा को किया लहूलुहान
जानकारी के अनुसार, बेलसंड थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे सशस्त्र बल और होमगार्ड जवानों के साथ वार्ड नंबर 03 निवासी गणेश प्रसाद के आवेदन की जांच करने पहुंचे थे . पुलिस टीम ने जब मकान निर्माण को लेकर दूसरे पक्ष के शिवजी भगत से पूछताछ की और उन्हें जमीन की नापी कराने की सलाह दी, तो वे उग्र हो गए . शिवजी भगत, उनका बेटा सिंकू कुमार, पत्नी प्रमिला देवी और वार्ड नंबर 02 निवासी सतीश कुमार ने एक राय होकर पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया . पथराव में एक ईंट दरोगा सुशील कुमार सिंह की कमर पर लगी . इसके बाद आरोपियों ने दरोगा की वर्दी का कॉलर पकड़कर खींचा, जिससे शर्ट के बटन टूट गए और छीनाझपटी के दौरान उनके हाथ को नाखूनों से नोचकर लहूलुहान कर दिया.
अतिरिक्त पुलिस बल ने की घेराबंदी, दो को खदेड़कर पकड़ा
स्थिति बिगड़ती देख जख्मी सब-इंस्पेक्टर ने तुरंत थाने को सूचित किया . सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और महिला होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे . पुलिस को आता देख आरोपी घर का दरवाजा बंद कर छत के रास्ते भागने लगे . पुलिस टीम ने सूझबूझ से घर की घेराबंदी की . इस दौरान मुख्य आरोपी शिवजी भगत और उसका पुत्र सिंकू कुमार भागने में सफल रहे, लेकिन महिला पुलिस बल ने प्रमिला देवी को घर के अंदर दबोच लिया . वहीं भाग रहे उसके सहयोगी सतीश कुमार को भी खदेड़कर पकड़ लिया गया.
प्राथमिकी दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
घायल सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल बेलसंड में कराया गया है . बेलसंड के थानाध्यक्ष जंगो राम ने बताया कि जख्मी अधिकारी के लिखित आवेदन के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है . गिरफ्तार प्रमिला देवी और सतीश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार शिवजी भगत और सिंकू कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है .
