सीतामढ़ी:'मेरी मर्जी' की तर्ज पर चल रही अस्पताल की सुरक्षा, ड्यूटी छोड़ मोबाइल में व्यस्त दिखीं महिला गार्ड

Sitamarhi News: सदर अस्पताल की एमसीएच बिल्डिंग में तैनात महिला गार्ड ड्यूटी के दौरान मोबाइल में व्यस्त हैं. सुरक्षा में इस बड़ी लापरवाही के कारण बिना रोक-टोक बाहरी लोग अंदर आ-जा रहे हैं, जिससे डीजीपी का निर्देश बेअसर साबित हो रहा है. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: स्थानीय सदर अस्पताल एक बार फिर अपनी बदहाल व्यवस्था को लेकर गंभीर सवालों के घेरे में है. इस बार लापरवाही का बड़ा मामला सदर अस्पताल स्थित एमसीएच (MCH) बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा हुआ है. यहाँ तैनात महिला सुरक्षाकर्मी अपनी तय जिम्मेदारी निभाने के बजाय सरेआम मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त नजर आ रही हैं. तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बिल्डिंग में आने-जाने वाले लोगों की न तो कोई थर्मल या शारीरिक जांच की जा रही है और न ही किसी प्रकार की रोक-टोक हो रही है.

अनधिकृत लोगों का जमावड़ा, सुरक्षा में चूक से बड़े खतरे की आशंका

अस्पताल के इस महत्वपूर्ण वार्ड में कई बाहरी लोग बिना किसी पूछताछ के ही अंदर सीधे प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ही अनधिकृत लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखना है. अस्पताल परिसर में प्रतिदिन नवजातों, प्रसूती महिलाओं और उनके परिजनों की भारी भीड़ रहती है. ऐसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा में इस तरह की घोर लापरवाही किसी बड़े खतरे या अप्रिय घटना को आसानी से जन्म दे सकती है. लेकिन ड्यूटी पर तैनात गार्डों की कार्यशैली देखकर ऐसा लगता है मानो उन्हें अपनी जिम्मेदारी से कोई सरोकार ही नहीं है.

दलालों पर नकेल कसने की मुहिम फेल, डीजीपी के आदेश बेअसर

सदर अस्पताल में दलालों की बढ़ती सक्रियता पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) के सख्त निर्देश पर परिसर में पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है. बावजूद इसके, जमीनी हकीकत यह है कि व्यवस्था बनाए रखने की बजाय मोबाइल स्क्रीन पर उंगलियां घुमाना ज्यादा जरूरी समझा जा रहा है. गौरतलब है कि बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों को मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करने की कई बार कड़ी नसीहत दी जा चुकी है. इसके बाद भी सीतामढ़ी सदर अस्पताल में इन निर्देशों की धज्जियां उड़ती साफ दिख रही हैं.

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >