सीतामढ़ी: 12 मई से गायब हर्ष का नहीं मिला सुराग, एसपी-डीएम से गुहार के बाद निकाला कैंडल मार्च

Sitamarhi News: रून्नीसैदपुर में 12 मई से लापता 19 वर्षीय हर्ष कुमार का सुराग न मिलने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने सुरक्षित बरामदगी की मांग को लेकर मोरसण्ड बाजार से थाना चौक तक कैंडल मार्च निकाला. जानिए पूरी खबर…

सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट

Sitamarhi News: थाना क्षेत्र के गंगवारा गांव निवासी 19 वर्षीय युवक हर्ष कुमार के पिछले 12 मई से लापता रहने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. युवक के पिता संजय महतो द्वारा स्थानीय थाना, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिलाधिकारी (डीएम) को गुहार लगाने के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं. पुलिस की शिथिलता से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार की देर शाम मोरसण्ड बाजार के कटरा मोड़ से प्रखंड मुख्यालय के थाना चौक तक कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया.

बलीगढ़ चौक पर कुछ युवकों के साथ देखा गया था हर्ष

मिली जानकारी के अनुसार, हर्ष कुमार 12 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. आवेदन में पिता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लापता होने के दिन शाम 4 से 5 बजे के बीच हर्ष को बलीगढ़ चौक पर कुछ युवकों के साथ देखा गया था.

तीन लोगों पर अपहरण की आशंका, सुरक्षित बरामदगी की मांग

लापता युवक के पिता ने गंगवारा निवासी लोटनी महतो, प्रकाश महतो उर्फ फुलिया महतो और डुमरा थाना क्षेत्र के निवासी बिट्टू कुमार को नामजद करते हुए अपने पुत्र के अपहरण की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि आवेदन देने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने प्रशासन से हर्ष कुमार की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >