Sitamarhi News: जिला अंतर्गत गाढ़ा थाना क्षेत्र के मैन चौक उत्तरी पंचायत के हरसिंहपुर (वार्ड संख्या एक) गांव में शनिवार की मध्य रात्रि को बेखौफ अज्ञात चोरों ने पुलिसिया गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक साथ तीन घरों में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने तीन अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाते हुए वहां से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, बहुमूल्य सामान, कीमती कपड़े और भारी मात्रा में नकद रुपये चुरा लिए और आसानी से फरार हो गए. घटना के समय परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में नींद में सो रहे थे.
नशीली गैस का छिड़काव कर वारदात को अंजाम देने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ितों में हरसिंहपुर गांव निवासी शिवचंद्र झा के पुत्र दिलीप कुमार झा, धीरेंद्र झा के पुत्र पप्पू झा व पप्पू झा के पुत्र सत्येंद्र झा शामिल हैं. चोरों ने सबसे अधिक आर्थिक क्षति दिलीप कुमार झा के परिवार को पहुंचाई है.परिवार को आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले कमरों में किसी नशीले स्प्रे या बेहोशी वाली गैस का छिड़काव कर दिया था, जिसके कारण घर के सदस्यों की नींद नहीं खुली और वे पूरी रात अचेत रहे.
पीड़ित दिलीप कुमार झा के अनुसार, चोरों ने उनके घर में खिड़की के रास्ते प्रवेश किया था. घर के भीतर घुसने के बाद बदमाशों ने पीछे का मुख्य ग्रिल खोल दिया और अंदर रखीं पेटियां तथा बक्से लेकर चंपत हो गए. घटना के बाद सुबह खोजबीन के दौरान घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत से खाली पेटी और टूटे हुए बक्से बरामद हुए.
बंद घर का ताला तोड़कर घुसे चोर
वहीं, तीसरे पीड़ित सत्येंद्र झा के घर में घटना के वक्त ताला लटका हुआ था. वे वर्तमान में अपने पूरे परिवार के साथ पटना में रहते हैं. चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर मुख्य गेट का ताला कटर से काट दिया और भीतर प्रवेश कर गोदरेज व अलमारी को खंगाल डाला.
गौरतलब है कि क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार पैर पसार रहा है. इससे पहले बीते 17 मई की रात को भी गाढ़ा थाना क्षेत्र के ही कौड़ियालालपुर पंचायत के धनहरा गांव में अज्ञात चोरों ने एक साथ करीब आधा दर्जन (छह) घरों को निशाना बनाया था. लगातार हो रही इन बड़ी चोरियों के बावजूद पुलिसिया तंत्र सुस्त नजर आ रहा है.
आवेदन मिलते ही दर्ज होगी प्राथमिकी
मामले के संबंध में गाढ़ा थानाध्यक्ष सोनी कुमारी ने बताया कि हरसिंहपुर गांव में चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली है. सूचना मिलते ही वे स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से तकनीकी जांच कर रही हैं.
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पीड़ित गृहस्वामियों की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित आवेदन या शिकायत पत्र नहीं दिया गया है. पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होते ही तुरंत नामजद या अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी और चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी. हालांकि, थानाध्यक्ष ने शुरुआती जांच के आधार पर केवल दो घरों में ही चोरी की वारदात होने की बात कही है, जबकि ग्रामीण तीन घरों में बड़ी चोरी का दावा कर रहे हैं.
सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
