Sitamarhi News: भारत और नेपाल के बीच वर्षों से चले आ रहे ‘बेटी-रोटी’ के रिश्ते की मिठास अब सीमावर्ती इलाकों में कुछ फीकी पड़ती दिख रही है. नेपाल में नई सरकार बनने के बाद लागू किए गए नियमों का असर अब सीधे आम लोगों और कारोबार पर दिखने लगा है. दरअसल, नेपाल सरकार ने सीमा पार से लाए जाने वाले सामानों पर ‘भंसार टैक्स’ लागू कर दिया है. हालात ये हैं कि अब 100 रुपये तक के छोटे सामान पर भी टैक्स वसूला जा रहा है. इसका सबसे ज्यादा असर बिहार के सीतामढ़ी से सटे बाजारों पर पड़ा है, जहां पहले नेपाली ग्राहक बड़ी संख्या में खरीदारी करने आते थे.
तराई के लोग भारतीय बाजारों पर निर्भर
नेपाल के तराई इलाकों में रहने वाले लोग रोजमर्रा के सामान के लिए लंबे समय से भारतीय बाजारों पर निर्भर रहे हैं. सीतामढ़ी और आसपास के बाजार उनके लिए सस्ते और सुविधाजनक विकल्प रहे हैं. लेकिन अब सीमा पर सख्ती और टैक्स के कारण नेपाली नागरिक या तो कम खरीदारी कर रहे हैं या भारतीय बाजारों में आना ही कम कर दिया है.
बॉर्डर एरिया के बाजारों की रौनक घटी
इस बदलाव का असर अब साफ तौर पर दिख रहा है. सीमावर्ती बाजारों की रौनक घट गई है और दुकानदारों की आमदनी पर भी सीधा असर पड़ा है. जानकारी के मुताबिक, सीतामढ़ी से सटी करीब 84 किलोमीटर की सीमा पर 30 से ज्यादा ऐसे बाजार हैं, जिनकी अर्थव्यवस्था काफी हद तक नेपाली ग्राहकों पर निर्भर करती है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले समय में छोटे कारोबारियों के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी: बागमती नदी में हादसा, सगे भाई-बहन की डूबकर मौत, एक बच्ची की तलाश जारी
