सीतामढ़ी : हल्की बारिश में ही सड़क पर जलजमाव, गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

Sitamarhi News: चोरौत के खोरिया गांव में नाला नहीं होने से मुख्य सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या है. स्कूली बच्चे गंदे पानी से गुजरने को मजबूर हैं. बार-बार शिकायत के बाद भी अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस पर मौन साधे हुए हैं.पढ़ें पूरी खबर…  Sitamarhi News:चोरौत प्रखंड क्षेत्र की यदुपट्टी पंचाय

Sitamarhi News: चोरौत प्रखंड क्षेत्र की यदुपट्टी पंचायत अंतर्गत खोरिया गांव के वार्ड संख्या-17 में मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है. मध्य विद्यालय के समीप सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस बदहाली के कारण स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है.

नाला नहीं रहने से बढ़ी परेशानी, ‘नरक’ बनी मुख्य सड़क

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क का सही ढंग से निर्माण नहीं होने और जल निकासी के लिए नाला व्यवस्था के अभाव में हल्की बारिश होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है. पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं होने से जलजमाव कई दिनों तक यूं ही बना रहता है. यह गांव की मुख्य संपर्क सड़क है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं. सबसे ज्यादा फजीहत स्कूली बच्चों की हो रही है, जिन्हें हर दिन इसी बदबूदार और गंदे पानी से होकर स्कूल आना-जाना पड़ता है.

संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा, जनप्रतिनिधि मौन

स्थानीय निवासी पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सुरेश राय, रामरतन राय, राम सकल राय, इंदल राय और उपेंद्र राय समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जमा गंदे पानी से अब तीव्र दुर्गंध उठ रही है. इससे इलाके में मलेरिया, डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है. बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है.

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कोई ठोस पहल

ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. थक-हारकर अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क व नाला निर्माण कराकर जल निकासी की स्थाई व्यवस्था कराने की मांग की है.

सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >