Sitamarhi News:बिहार के सीतामढ़ी में बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता फैलाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए एक विशेष ‘बाल श्रम निषेध संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा मानव तस्करी निरोध इकाई (AHTU) के संयुक्त तत्वावधान में एक निजी स्कूल में इस कार्यक्रम को आयोजित किया गया.यह पूरा कार्यक्रम एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) द्वारा गठित बाल समिति के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें भारी संख्या में छात्र, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए.
बाल श्रम एक अभिशाप और हमारा दायित्व
कार्यक्रम की शुरुआत ‘बाल श्रम : एक अभिशाप और हमारा दायित्व’ विषय पर खुले संवाद के साथ हुई.इस दौरान अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने छात्रों को बाल श्रम के गंभीर दुष्परिणामों और मानव तस्करी के विभिन्न रूपों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.मौके पर मौजूद श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंद्रनाथ राम, श्वेता कुमारी, रोशन कुमार, पारिजात परिमल, मानव तस्करी निरोध इकाई के शाखा प्रभारी सुशील कुमार सिंह और एवीए के मुकुंद कुमार चौधरी ने बच्चों का मार्गदर्शन किया.
मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास का संकल्प
संवाद कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल श्रम की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के व्यापक प्रचार-प्रसार का सामूहिक संकल्प लिया.श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंद्रनाथ राम ने इस मौके पर कहा कि विभाग बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों के बेहतर भविष्य और उनके पूर्ण पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
