Sitamarhi News: बोखरा थाना क्षेत्र के पतनुक़्क़ा से सिंघाचौरी जाने वाली मुख्य सड़क पर त्रिमुहानी सड़क के पास बुधवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे अधमरा स्थिति में खेत में फेंक दिया. गुरुवार की अहले सुबह इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
सड़क किनारे मिली लावारिस बाइक, 50 मीटर दूर खेत में मिला युवक
गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों को त्रिमुहानी सरक के किनारे एक बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली. जब लोगों ने आसपास देखा, तो सड़क से करीब 50 मीटर दूर पूरब दिशा में एक खेत में युवक अधमरा और लहूलुहान स्थिति में तड़पता हुआ मिला. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय बोखड़ा थाना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी युवक को इलाज के लिए बोखड़ा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया था.
मृतक की हुई पहचान, दोस्तों पर ही लगा हत्या का आरोप
मृतक की पहचान बुधनगरा गांव के वार्ड संख्या-2 निवासी शत्रुघ्न साह के 22 वर्षीय पुत्र सतीश साह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सतीश बुधवार की रात अपने घर से दोस्तों के यहां शादी की सालगिरह (मैरिज एनिवर्सरी) पार्टी में शामिल होने की बात कहकर निकला था. मौत से पहले सतीश ने गंभीर स्थिति में अपने परिजनों को बताया था कि उसके अपने ही दोस्तों ने किसी बात पर विवाद के बाद उसे बेरहमी से पीटा और अधमरा कर खेत में फेंक कर भाग निकले.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
दोस्तों द्वारा ही दोस्त की हत्या की इस खौफनाक वारदात के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बोखड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है और वारदात में शामिल नामजद दोस्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
सीतामढ़ी के बोखरा से केशव आनंद की रिपोर्ट
