सीतामढ़ी: चोरी की दो बाइक के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार, कई मामले दर्ज

Sitamarhi News: मेहसौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब बाइक चोरी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: मेहसौल थाना क्षेत्र में डायल 112 पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की दो बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी कर नानपुर थाना क्षेत्र के कोइली गांव निवासी लक्ष्मी दास को पकड़ा गया. आरोपी पर पहले से चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार डायल 112 की टीम को सूचना मिली थी कि चोरी की बाइक के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति इलाके में मौजूद है. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. उसके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.

कई थानों में दर्ज हैं गंभीर मामले

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मी दास के खिलाफ जिले के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. नानपुर, पुपरी, बाजपट्टी, सुरसंड, पुनौरा, सीतामढ़ी नगर और डुमरा थाना में उसके खिलाफ चोरी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े केस चल रहे हैं.

कई धाराओं में दर्ज है कांड

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर आईपीसी की धारा 379, 392, 395, 397, 411, 412 और 414 समेत शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अपराध की घटनाओं में शामिल रहा है.

चोरी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

मेहसौल थाना में कांड संख्या 151/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बाइक किन-किन घटनाओं से जुड़ी हैं और इस चोरी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >