सीतामढ़ी: बाजपट्टी में मेमू ट्रेन का ठहराव तय, छात्रों और मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

Sitamarhi News: बाजपट्टी स्टेशन पर मेमू ट्रेन 15507 के ठहराव की घोषणा से इलाके में खुशी का माहौल है. लंबे आंदोलन के बाद मिली इस सफलता पर संघर्ष मोर्चा ने सांसद देवेश चंद्र ठाकुर का आभार जताया. विद्यार्थियों और मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. पढे़ं पूरी खबर…

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी स्टेशन पर मेमू ट्रेन 15507 के ठहराव की घोषणा होते ही इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है. लंबे समय से इस मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों ने इसे बड़ी जीत बताया है. खासकर छात्रों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को अब काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.

बाजपट्टी संयुक्त किसान संघर्ष मोर्चा का आंदोलन

बताया गया कि सीतामढ़ी होकर पाटलिपुत्र जाने वाली मेमू ट्रेन के ठहराव की मांग पिछले कई महीनों से लगातार उठाई जा रही थी. इसको लेकर बाजपट्टी संयुक्त किसान संघर्ष मोर्चा की ओर से आंदोलन भी चलाया गया था. मोर्चा के अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा उर्फ संजय ने बताया कि पिछले वर्ष तीन से पांच अक्टूबर तक उन्होंने आमरण अनशन किया था. उस समय समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ने आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराया था.

सांसद से मिल जताया आभार 

ट्रेन के ठहराव की घोषणा के बाद गुरुवार को संघर्ष मोर्चा की टीम ने राज्यसभा सांसद देवेश चंद्र ठाकुर से मुलाकात कर उनका आभार जताया. मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि सांसद के प्रयास से ही लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकी है.

विद्यार्थियों और मरीजों को होगी राहत

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ट्रेन के रुकने से सबसे ज्यादा फायदा विद्यार्थियों, बुजुर्गों और इलाज के लिए बाहर जाने वाले मरीजों को मिलेगा. अब लोगों को दूसरे स्टेशनों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी. सांसद से मिलने वाली टीम में सुनील झा, शशि रंजन सुमन, नवनीत कुमार झा और शिवम कुमार झा समेत संघर्ष मोर्चा के कई सदस्य शामिल थे. ट्रेन ठहराव की खबर के बाद पूरे बाजपट्टी क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >