सीतामढ़ी में दिल दहला देने वाला हादसा: एक ही रात में मां-बेटे की संदिग्ध मौत

Sitamarhi Mother Son Death News: सीतामढ़ी के बोखड़ा में खाना खाने के बाद सोए मां और 7 साल के बेटे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है.

सीतामढ़ी बोखड़ा से केशव आनंद की रिपोर्ट

Sitamarhi Mother Son Death News: सीतामढ़ी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. बोखड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत खड़का दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर पांच स्थित लक्ष्मीनिया टोला में सोमवार की रात एक ही बिस्तर पर सोए मां और उसके 7 वर्षीय मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. एक ही झटके में परिवार के दो सदस्यों के चले जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें… शादी के डेढ़ महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

रात को खाना खाकर सोए थे दोनों, सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

मृतकों की पहचान लक्ष्मीनिया टोला निवासी सुनील मंडल की 36 वर्षीय पत्नी शीला देवी और उनके छोटे पुत्र ऋतिक कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात मां और बेटे ने रोज की तरह सामान्य रूप से भोजन किया और एक ही बिस्तर पर सोने चले गए. मंगलवार की सुबह अचानक दोनों की तबीयत बेहद खराब होने लगी. दोनों को तड़पता देख परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर भागे.

यह भी पढ़ें… बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली,टेंट कर्मी गंभीर स्थिति

अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम, रास्ते में मां की भी थमीं सांसें

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने 7 वर्षीय मासूम ऋतिक कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं शीला देवी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था. मुजफ्फरपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही शीला देवी ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह एक ही रात में मां-बेटे की सांसें हमेशा के लिए थम गईं. फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है.

मां और छोटे भाई को खोकर बड़ा बेटा बेसुध

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है. मृतका के पति सुनील मंडल अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए हरियाणा में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. घर पर उनका 18 वर्षीय बड़ा बेटा रहता है, जो गांव में ही मजदूरी करता है. एक ही दिन में अपनी मां और छोटे भाई को खोने के बाद बड़ा बेटा पूरी तरह बेसुध हो गया है. मंगलवार की शाम जब पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव पहुंचे, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर अपनी जांच शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >