सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट
Sitamarhi CSP Loot: जिले के रीगा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. अपराधियों ने पिस्टल के बल पर एक सीएसपी (CSP) संचालक से करीब 1.70 लाख रुपये लूटकर इलाके में सनसनी फैला दी है. यह सनसनीखेज घटना रीगा के अनहाड़ी स्थित सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र की है. घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
शटर गिराकर संचालक को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालक राजेश्वर ठाकुर रोजाना की तरह अपनी दुकान में बैठकर काम कर रहे थे. इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. तीनों अपराधी तेजी से दुकान के अंदर घुसे और अंदर आते ही उन्होंने दुकान का शटर गिरा दिया. इसके बाद बदमाशों ने संचालक पर पिस्टल तान दी और उन्हें बंधक बना लिया. अपराधियों ने गल्ले में रखी पूरी नकदी समेट ली और साथ ही संचालक की जेब में रखे रुपये भी जबरन निकाल लिए.
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, जांच में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए बड़े आराम से मौके से फरार हो गए. अपराधियों की यह पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही रीगा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर अपराधियों के हुलिए और बाइक के नंबर के आधार पर उनकी तलाश कर रही है.
जल्द होगी अपराधियों की गिरफ्तारी: डीएसपी
इस मामले में डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान कर ली है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा और लूटी गई राशि को बरामद कर पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू, सुबह 9 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
