Sitamarhi Crime News: रीगा. थाना क्षेत्र के रेवासी पंचायत अंतर्गत रीगा-परसौनी पथ में धनुषी टोला के समीप ग्रामीणों की दिलेरी से सीएसपी संचालक से लूट करने वाले तीन अपराधी पकड़े गए. अपराधियों ने पिस्टल के बल पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक धीरेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना से बैग में रखे 56 हजार रुपये लूट लिए थे. वारदात के बाद भागने के दौरान अपराधियों की बाइक दूसरी बाइक से टकरा गयी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया. इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पिस्टल, बाइक और लूटी गयी राशि बरामद कर ली है.
Riga News: पिस्टल के बल पर सीएसपी संचालक से लूट
रामनगर गांव निवासी सीएसपी संचालक धीरेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना सोमवार को प्रतिदिन की तरह बाइक से पकड़ी गांव स्थित अपने सीएसपी केंद्र जा रहे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने रेवासी उच्च विद्यालय और धनुषी टोला के बीच मुख्य सड़क पर उन्हें घेर लिया.
अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर सीएसपी संचालक के पास मौजूद बैग से 56 हजार रुपये लूट लिए. वारदात के बाद तीनों अपराधी बाइक से भागने लगे.
भागने के दौरान दूसरी बाइक से टकराई अपराधियों की बाइक
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद भागते समय अपराधियों की बाइक दूसरी बाइक से टकरा गयी. इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तीनों अपराधियों को पकड़ लिया. बताया गया कि भागने के दौरान अपराधियों ने पिस्टल से फायरिंग भी की. इसके बावजूद ग्रामीणों ने उन्हें दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया.
पिस्टल, बाइक और लूटी गयी रकम बरामद
पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपितों के पास से पिस्टल, बाइक और लूटी गयी राशि बरामद की है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहियारा थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव निवासी उमेश सिंह के पुत्र कन्हाई सिंह, परिहार थाना क्षेत्र के नरगा जगदर गांव निवासी हरिशंकर महतो के पुत्र रौशन कुमार और सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र के गोलू राय के रूप में हुई है.
पुलिस तीनों आरोपितों से पूछताछ के साथ मामले की जांच में जुटी है. घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
