Retired Railway Employees: सीतामढ़ी जंक्शन परिसर में अखिल भारतीय रिटायर्ड रेलवे मेन्स फेडरेशन की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के अध्यक्ष सनत कुमार ठाकुर ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कवि एवं सचिव बच्चा प्रसाद विह्वल ने किया.
स्टेशन मास्टरों के रिक्त पद भरने की मांग
गोष्ठी को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सनत कुमार ठाकुर ने कहा कि 14 जुलाई को देशभर के डीआरएम कार्यालयों के समक्ष हुए धरना-प्रदर्शन में समस्तीपुर मंडल से 178 स्टेशन मास्टरों की भागीदारी दर्ज हुई, जो अब तक का रिकॉर्ड है.
उन्होंने मांग की कि स्टेशन मास्टरों के सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार कम हो सके. साथ ही 12 घंटे की ड्यूटी रोस्टर व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने की भी मांग की.
पेंशन के मुद्दे पर जताई चिंता
सचिव बच्चा प्रसाद विह्वल ने इस मुद्दे पर अपना स्वरचित गीत प्रस्तुत किया. बैठक में वक्ताओं ने आठवें वेतन आयोग में पेंशन व्यवस्था को लेकर उठ रही आशंकाओं पर चिंता जताते हुए इसका विरोध किया और जरूरत पड़ने पर आजीवन आंदोलन चलाने की चेतावनी दी.
पेंशनभोगियों के लिए कमरे की मांग
फेडरेशन के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने संगठन की सात लंबित मांगों को रखा. उन्होंने रेलवे प्रशासन से नवनिर्मित भवन में पेंशनभोगियों के लिए एक अलग कमरा उपलब्ध कराने की भी मांग की.
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में पूर्व सचिव सुरेंद्र कुमार ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया. गोष्ठी में रामप्रवेश सिंह, रामविलास चौधरी, एसडी पंडित, प्रह्लाद सिंह, डीके झा, गौरीशंकर प्रसाद, भैरव प्रसाद सिंह, सुधीर सिंह, बच्चु झा, लक्ष्मण पासवान, जगन्नाथ मंडल समेत कई रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे.
