Sitamarhi News: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, सीतामढ़ी ने जिले में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है. रेडक्रॉस के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सहायक निदेशक प्रशिक्षण (ऐप) सह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सीतामढ़ी के प्राचार्य ई. हरेराम मंडल से औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान संस्थान के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित कराने के लिए आग्रह पत्र सौंपा गया.
आईटीआई परिसर के सहयोग से ब्लड बैंक में लगेगा रक्तदान शिविर
रेडक्रॉस के चेयरमैन डॉ. महावीर ठाकुर, सचिव राजेश कुमार सुन्दरका और कोषाध्यक्ष राजेश महतो ने संयुक्त रूप से प्राचार्य से भेंट की.
प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के सौजन्य से रेडक्रॉस ब्लड बैंक में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया, ताकि तकनीकी शिक्षा ले रहे युवाओं में सामाजिक दायित्व और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके.
सीतामढ़ी में खुलेगा एचएलएल लाइफकेयर का विशिष्ट अस्पताल
बैठक के दौरान राजकीय आईटीआई के प्राचार्य ई. हरेराम मंडल ने एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना की जानकारी साझा की.
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के प्रमुख उपक्रम 'एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड' द्वारा सीतामढ़ी जिले में एक विशिष्ट क्लिनिक एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त अस्पताल स्थापित करने की योजना पर कार्य चल रहा है.
स्वास्थ्य परियोजना में रेडक्रॉस सीतामढ़ी की रहेगी अहम भूमिका
प्राचार्य ई. हरेराम मंडल ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के इस बड़े स्वास्थ्य उपक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी, सीतामढ़ी की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी.
इस अस्पताल के शुरू होने से जिले और आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बेहतर व किफायती इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
