Sitamarhi News: पुपरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 57 हजार रुपये नकद, नौ मोबाइल और दो चांदी की चेन बरामद की है. वहीं चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
Pupri News: 12 जुलाई की चोरी का हुआ खुलासा
एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 12 जुलाई को नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 स्थित महारानी स्थान के समीप अमरनाथ कुमार के घर में चोरी हुई थी. इस मामले में पुपरी थाना कांड संख्या-201/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के शाहिल शेख को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुपरी निवासी ऋषि कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
चोरी का पैसा और मोबाइल बरामद
पुलिस ने बताया कि चोरी के गहनों के एवज में गोल्ड हाउस, पुपरी के संचालक कन्हैया कुमार ने 90 हजार रुपये दिए थे. इनमें से 57 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं. इसके अलावा नौ मोबाइल और दो चांदी की चेन भी जब्त की गई. बरामद नौ मोबाइल में से चार मोबाइल की पहचान कर उन्हें संबंधित शिकायतकर्ताओं को सौंप दिया गया है.
सुनार की तलाश जारी, आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला
एसडीपीओ ने बताया कि गहने खरीदने वाला सुनार कन्हैया कुमार फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार शाहिल शेख का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया, जिसमें उसके खिलाफ मेहसौल थाना में पूर्व से मामला दर्ज मिला है. पूछताछ में यह भी सामने आया कि शाहिल चोरी के दौरान अपने पुराने कपड़े घटनास्थल पर छोड़कर दूसरे कपड़े पहनकर फरार हो जाता था.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में 30 पीटीसी बने एएसआई, एसपी ने लगाया रैंक बैज
