सीतामढ़ी के पुपरी में डायल 112 की गाड़ी से हादसा, युवक की मौत पर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

सीतामढ़ी के पुपरी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें डायल 112 की पुलिस गाड़ी से टकराने के बाद बाइक सवार 18 वर्षीय दीपक कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

Sitamarhi News: पुपरी. पुपरी-सीतामढ़ी मुख्य पथ पर आवापुर हाइस्कूल के समीप डायल 112 की पुलिस गाड़ी से टकराकर गंभीर रूप से जख्मी हुए बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान पुपरी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 स्थित जैतपुर मुहल्ला निवासी सकलदेव मुखिया के 18 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है. शुक्रवार को एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

आवापुर हाइस्कूल के पास डायल 112 की गाड़ी से हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार, दीपक कुमार बाइक से अपने घर से आवापुर स्थित अपने भाई के ससुराल जा रहा था. इसी दौरान आवापुर हाइस्कूल के समीप डायल 112 की पुलिस गाड़ी से उसकी बाइक की टक्कर हो गयी. हादसे में दीपक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया.

बाजपट्टी से सीतामढ़ी और फिर मुजफ्फरपुर रेफर

हादसे के बाद घायल दीपक को पहले बाजपट्टी पीएचसी ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल सीतामढ़ी रेफर किया गया. स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया. यहां इलाज के दौरान शुक्रवार को दीपक ने दम तोड़ दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मौत के बाद शव लेकर सड़क पर पहुंचे आक्रोशित परिजन

शनिवार को दीपक का शव लेकर आक्रोशित परिजन आवापुर हाइस्कूल के समीप पहुंचे. इसके बाद पुपरी-सीतामढ़ी मुख्य पथ को जाम कर दिया गया. प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बांस-बल्ली लगायी गयी और टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

पिता ने डायल 112 की गाड़ी पर लगाया लापरवाही का आरोप

मृतक के पिता सकलदेव मुखिया ने आरोप लगाया कि डायल 112 की गाड़ी की लापरवाही के कारण उनके बेटे की मौत हुई है. उनका कहना है कि हादसे के बाद समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण दीपक की जान चली गयी. परिजनों ने मामले में कार्रवाई और मुआवजे की मांग की.

थानाध्यक्ष ने समझाकर हटवाया जाम, कार्रवाई का दिया भरोसा

सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाया और जाम हटवाया. थानाध्यक्ष ने परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने तथा मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें: बेतिया में PM मोदी के जन्मदिन से भाजपा चलाएगी एक महीने का सेवा संकल्प अभियान, स्वच्छता से सेवा ज्योति यात्रा तक होंगे कार्यक्रम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Baidnath thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >