Sitamarhi News: सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव में रविवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका के मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
मृतका की पहचान घरवारा वार्ड संख्या-14 निवासी चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी के रूप में हुई है. उनकी शादी दिसंबर 2025 में हुई थी.
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों की सूचना पर सुप्पी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मधु कुमारी साड़ी के फंदे से पंखे से लटकी मिलीं.
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
सुसाइड नोट मिलने की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. चर्चा है कि उसमें पति, सास, ससुर और देवर का नाम लिखा हुआ है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए प्रताड़ित कर उसकी हत्या की गई है.
पोस्टमार्टम हाउस में हुआ हंगामा
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस दौरान सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर गुस्साए मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के ससुर धनंजय कुमार की पिटाई कर दी. मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया.
थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि घटना के समय मृतका का पति दूसरे राज्य में काम करने गया हुआ था. मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
