Sitamarhi News: बोखड़ा थाना क्षेत्र के हरिनगर से नया टोल जाने वाली सड़क पर पुल के समीप रविवार की सुबह एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई.
Bokhra News: हरिनगर-नया टोल सड़क किनारे मिला युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा था. सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
मुंह से निकल रहा था सफेद झाग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक के मुंह से सफेद झाग निकल रहा था, जिससे प्रथमदृष्टया जहरीला पदार्थ सेवन या खिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है. चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार रंजन ने बताया कि युवक के मुंह से गंध आ रही थी, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की संभावना प्रतीत होती है.
आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
पुलिस ने युवक के पास से एक आधार कार्ड बरामद किया. इसके आधार पर उसकी पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बिसंभरपट्टी निवासी 26 वर्षीय संजीत राय के रूप में हुई है. आधार कार्ड में उसका पता ग्राम बिसंभरपट्टी, पोस्ट–बेरई, जिला मुजफ्फरपुर अंकित है.
पुलिस परिजनों से संपर्क में जुटी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी के स्कूलों ने बनाया रिकॉर्ड, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के क्रियान्वयन में राज्य में अव्वल
