Belsand News: थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव में पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राजीव मिश्रा के घर सोमवार को पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया. न्यायालय के आदेश पर दरोगा सुशील कुमार और पीटीसी कौशलेंद्र कुमार ने डुगडुगी बजवाकर इश्तेहार की कार्रवाई पूरी की.
24 घंटे में समर्पण का निर्देश
इश्तेहार में आरोपी राजीव मिश्रा को 24 घंटे के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस प्रशासन के समक्ष समर्पण करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में सरेंडर नहीं करने पर उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
पत्नी की हत्या का है आरोप
पुलिस के अनुसार राजीव मिश्रा के विरुद्ध उसकी पत्नी की हत्या के आरोप में बेलसंड थाना में कांड संख्या 110/17 दर्ज है. लंबे समय से फरार रहने के कारण न्यायालय के आदेश पर उसके खिलाफ इश्तेहार की कार्रवाई की गई है.
फरार आरोपियों पर कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है. निर्धारित समय में समर्पण नहीं करने पर विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
