NEET UG 2026 Success Story: प्रखंड के मझौलिया गांव निवासी प्रत्युष प्रभात ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 615 हासिल की है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
प्रत्युष प्रभात, प्रभात मिश्र के पुत्र हैं. उनकी सफलता पर परिजन, शिक्षक और ग्रामीण उन्हें बधाई दे रहे हैं और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं.
दादा-दादी का सपना किया साकार
प्रत्युष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक रमेश मिश्रा, दादी निर्मला देवी, मां सुधा देवी तथा चाचा इं. पुरुषोत्तम आनंद (विपुल मिश्रा) और विवेक मिश्रा (अतुल) को दिया.
उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने का जो सपना उनके दादा-दादी ने देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में यह सफलता एक महत्वपूर्ण कदम है.
पहले भी रह चुके हैं प्रखंड टॉपर
प्रत्युष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रीति विद्यांगन, योगिवाना से प्राप्त की. इससे पहले वह सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में भी प्रखंड स्तर पर टॉपर रह चुके हैं.
उनकी लगातार शैक्षणिक उपलब्धियों ने एक बार फिर यह साबित किया है कि मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. उनकी उपलब्धि से बथनाहा और आसपास के क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है.
