सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र से एक 18 वर्षीय युवती को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में युवती के पिता ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज आवेदन के अनुसार, घटना 12 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे की है. उस समय घर के सभी सदस्य खेत में धान की रोपनी करने गए थे और युवती घर पर अकेली थी. इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे अगवा कर लिया.
डुमरा के युवक समेत माता-पिता पर प्राथमिकी दर्ज
लड़की के पिता ने डुमरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी त्रिवेंद्र कुमार, उसके पिता कैलाश शर्मा और मां उर्मिला देवी को आरोपी बनाया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
फेसबुक पर शादी की फोटो, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका
परिजनों ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद पता चला कि दोनों ने फेसबुक पर शादी की फोटो अपलोड की है. हालांकि, वे वर्तमान में कहां और किस हाल में हैं, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है. लड़की के पिता ने कहा है कि यदि दोनों ने अपनी मर्जी से शादी कर ली है, तो लड़का उनकी बेटी को सही-सलामत रखे. उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी होने पर मायके पक्ष की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी.
