Education News: सीतामढ़ी शहर के ध्रुव नगर पंचमाइल स्थित महात्मा बुद्ध शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सोमवार को बी.एड. सत्र 2026-28 का नया शैक्षणिक सत्र औपचारिक रूप से शुरू हुआ. विश्वविद्यालय के दिशानिर्देशों के अनुसार आयोजित इस समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और प्राध्यापकों ने नए प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और अनुशासन का पाठ पढ़ाया.
यह भी पढ़ें... शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, तकिए में सिलकर छिपाए थे ₹11.37 लाख
बी.एड. केवल डिग्री नहीं, जिम्मेदार शिक्षक बनने की प्रक्रिया: प्राचार्य
महाविद्यालय के निदेशक डॉ. झुब किशोर महतो के मार्गदर्शन और प्राचार्य डॉ. एस.पी. दुबे की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ. अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. दुबे ने कहा कि बी.एड. का प्रशिक्षण महज एक डिग्री हासिल करना नहीं है, बल्कि यह एक संवेदनशील, कुशल और जिम्मेदार शिक्षक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण यात्रा है. उन्होंने विद्यार्थियों को रोजाना कक्षाओं में उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया.
बैग व यूनिफॉर्म वितरण के साथ कर्मचारियों का रहा सराहनीय सहयोग
समारोह के दौरान नव नामांकित छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की ओर से बैग और यूनिफॉर्म बांटे गए. कार्यक्रम में डॉ. नेहा कुमारी, संदीप कुमार त्रिपाठी, डॉ. विमला राय और हरिभजन चौधरी समेत कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे. आयोजन को सफल बनाने में पुस्तकालय प्रभारी कृष्ण भूषण सिंह, एकाउंटेंट रविंद्र कुमार रवि और अन्य गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का योगदान रहा.
