Sitamarhi News: जिलाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने रविवार को शहर में अवैध रूप से संचालित मीट दुकानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. डुमरा हवाई फील्ड और शंकर चौक के आसपास संचालित करीब 10 से 12 मीट दुकानों पर जेसीबी चलाकर गुमटियों और शेड को हटाया गया. जब्त सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर निगम की अभिरक्षा में लिया गया.
यह पहली बार है जब शहर में बिना लाइसेंस संचालित मीट दुकानों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई.
बिना लाइसेंस चल रही थीं दुकानें
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी दुकानदारों को पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि मीट दुकान संचालित करने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है. लाइसेंस मिलने के बाद ही सरकारी नियमों और स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए दुकान चलाने की अनुमति होगी.
कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बिना लाइसेंस मीट कारोबारियों में भी हड़कंप का माहौल है.
स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर चला अभियान
नगर निगम के अनुसार शहर में खुले में मीट बेचने और स्वच्छता मानकों की अनदेखी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया. लाइसेंस निर्गत करने की व्यवस्था भी जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से की गई है.
कई अधिकारी रहे मौजूद
अभियान में नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी आशीष कुमार और गौतम कुमार के अलावा डुमरा अंचलाधिकारी अंकु गुप्ता, जेसीबी, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली, निगम कर्मी तथा महिला एवं पुरुष पुलिस बल मौजूद रहे.
