Snake bite Death: सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सर्पदंश (सांप के काटने) से एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची जैनब खातून की मौत हो गई. मृतका नगर पंचायत वार्ड नंबर-11 के निवासी मोहम्मद अतुल्लाह की पुत्री थी. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेत से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, जैनब खातून की मां बेलवा गाछी के समीप एक खेत में धान की रोपनी कर रही थीं. दोपहर के समय जैनब अपनी मां को खाना देने के लिए खेत में गई थी. खाना देकर घर वापस लौटने के दौरान रास्ते में एक अत्यधिक जहरीले सांप ने उसे डस लिया.
अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बेलसंड लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. परिजन एम्बुलेंस से बच्ची को लेकर मुजफ्फरपुर जा ही रहे थे कि रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया.
पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार
बच्ची की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है. स्थानीय पुलिस को भी इस मामले की सूचना दे दी गई है.
