Sitamarhi: एक ही रात में चार घरों में चोरी, लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

सीतामढ़ी के पुपरी थाना क्षेत्र के डुम्हारपट्टी गांव में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. एक घर से छह से आठ लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी चोरी होने का दावा किया गया है. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस जांच में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी के पुपरी से बैधनाथ ठाकुर की रिपोर्ट

पुपरी थाना क्षेत्र के डुम्हारपट्टी गांव में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने शनिवार रात गांव के चार अलग-अलग घरों में सेंध लगाई. सबसे अधिक नुकसान विद्यानंद चौधरी के घर में हुआ, जहां से चोर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए.

गोदरेज तोड़कर लाखों की संपत्ति ले गए चोर

पीड़ित विद्यानंद चौधरी ने बताया कि घटना के समय वे अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे. रविवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी. घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि चोरों ने गोदरेज तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी चोरी कर ली है. उनके अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब छह से आठ लाख रुपये के बीच है.

तीन अन्य घरों को भी बनाया निशाना

चोरों ने इसी रात सुमन चौधरी, रविंद्र चौधरी और ललित मंडल के घरों में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इन घरों से खाद्य सामग्री और गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है. लगातार कई घरों में एक साथ चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है.

फिर सक्रिय हुआ चोर गिरोह?

ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच वर्ष पहले भिट्ठा और धर्मपुर गांव में भी एक ही रात में कई घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं. मौजूदा घटना का तरीका भी उसी तरह का प्रतीत हो रहा है. लोगों का मानना है कि क्षेत्र में कोई संगठित चोर गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है.

डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की मदद से जांच

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार, दरोगा रंजीत कुमार और रवि कुमार भगत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को बुलाया जा रहा है. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जल्द ही आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा.

ग्रामीणों में आक्रोश

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल, दुकानों और घरों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.

ग्रामीणों ने जिला पुलिस प्रशासन से डुम्हारपट्टी गांव में विशेष निगरानी बढ़ाने और सक्रिय चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >