Sitamarhi News: नगर को सुंदर, आकर्षक और स्वच्छ बनाने की दिशा में जनकपुर रोड नगर परिषद ने नई पहल शुरू की है. नगर के फ्लाईओवर की दोनों दीवारों समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर देश के प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों की भव्य पेंटिंग बनाई जा रही है. इस पहल का उद्देश्य शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ लोगों को कला, संस्कृति और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है.
Pupri News: देश की विविध संस्कृति की दिखेगी झलक
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल ने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक पेंटिंग से सजाया जा रहा है. फ्लाईओवर की दीवारों पर देश के प्रसिद्ध मंदिरों, ऐतिहासिक इमारतों और लोक संस्कृति को दर्शाने वाले चित्र बनाए जा रहे हैं. एक ओर उत्तर भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में महिला की आकर्षक आकृति और रंग-बिरंगे फूल उकेरे गए हैं, जबकि दूसरी ओर विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की कलाकृतियां तैयार की जा रही हैं.
स्वच्छता के प्रति भी किया जाएगा जागरूक
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है. रंगीन और आकर्षक चित्र लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए भी प्रेरित करेंगे. उम्मीद है कि दीवारों पर कलात्मक पेंटिंग बनने के बाद लोग वहां गंदगी फैलाने से बचेंगे.
अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी सजाया जाएगा
नगर परिषद ने बताया कि आने वाले दिनों में नगर के प्रमुख चौराहों, विद्यालयों और सामुदायिक भवनों की दीवारों पर भी इसी प्रकार की पेंटिंग बनाई जाएगी. इससे पूरे शहर की पहचान और अधिक आकर्षक बनेगी तथा नगर को नई पहचान मिलेगी.
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की इस पहल का स्वागत किया है. लोगों का कहना है कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा. साथ ही नगर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को भी नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: अधिवक्ता के परिवार को मिली हत्या की धमकी, इंसाफ के लिए थाने में अनशन पर बैठा परिवार
