Sitamarhi News: बेलसंड प्रखंड क्षेत्र की पताही पंचायत में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नावार्ड) के सहयोग से वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और किसानों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय प्रबंधन तथा बैंक की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था.
Belsand News: डिजिटल बैंकिंग और योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष प्रमोद साह ने की, जबकि संचालन सीतामढ़ी कोऑपरेटिव बैंक, बेलसंड शाखा के प्रबंधक विशाल कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए वित्तीय साक्षरता बेहद जरूरी है. कार्यक्रम में सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई.
साइबर फ्रॉड से बचने की दी सलाह
शाखा प्रबंधक विशाल कुमार ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें. थोड़ी सी सावधानी से साइबर अपराधों से बचा जा सकता है.
ग्रामीणों ने योजनाओं की ली जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और किसानों ने बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया. साथ ही लोगों को नियमित बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने और डिजिटल भुगतान को सुरक्षित तरीके से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुखिया शंभु साह, उमेश भगत, गणेश भगत, प्रेम भगत, उर्मिला देवी सहित पंचायत के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी के स्कूलों ने बनाया रिकॉर्ड, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के क्रियान्वयन में राज्य में अव्वल
