पुपरी (सीतामढ़ी): सीतामढ़ी जिले के पुपरी स्थित पुराना स्टेट बैंक मोहल्ले (वार्ड संख्या 20) में शुक्रवार की रात एक ऐसा हृदयविदारक अग्निकांड हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. आग की लपटों के बीच घिरे लकवाग्रस्त पिता को बचाने के लिए 10 वर्षीय मासूम ”छोटी कुमारी” ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग में छलांग लगा दी. इस प्रयास में पिता और बेटी दोनों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई.
क्या है मामला
घटना के समय घर की महिलाएं बाहर खाना बना रही थीं. अचानक कच्चे खपरैल के मकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. उस समय घर के अंदर लकवाग्रस्त विनोद कुमार (50) फंसे हुए थे. अपनी आंखों के सामने पिता को आग में घिरता देख 10 साल की बेटी छोटी खुद को रोक न सकी और उन्हें बचाने के लिए जलते घर के भीतर घुस गई. आग इतनी भयावह थी कि दोनों बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने व झुलसने से दोनों की जान चली गई.
क्या बोले चश्मदीद
मृतक के भाई प्रवीण कुमार ने रुंधे गले से बताया कि छोटी अपने पिता से बेहद प्यार करती थी. वह अपने पिता को अकेले जलते हुए नहीं देख सकी और उन्हें बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी. पड़ोसी सचिन गौरव ने बताया कि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसी को भी उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका.आशंका और अंतिम संस्कार
अग्निकांड के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि स्थानीय लोग गैस सिलेंडर रिसाव या शॉर्ट सर्किट को इसके पीछे की वजह मान रहे हैं। शनिवार को नम आंखों के साथ पिता-पुत्री का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आज हर जुबान पर छोटी की उस बहादुरी की चर्चा है, जिसने अपनी जान देकर पिता को बचाने की कोशिश की। पूरा इलाका इस समय गहरे सदमे और शोक में डूबा हुआ है।
