सीतामढ़ी: 11 हजार वोल्ट के जर्जर तार की चपेट में आने से किसान की मौत, एक युवक गंभीर

सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना क्षेत्र में खेत जाते समय जर्जर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई. इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया. ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है.

Electrocution death in Sitamarhi: सीतामढ़ी जिला अंतर्गत बाजपट्टी थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे एक बड़ा हादसा हो गया. खेत में काम करने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ काम कर रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया.

जर्जर तार बना काल, खेत जाते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान रसलपुर वार्ड नंबर 10 निवासी दिवंगत राजेंद्र राय के पुत्र गणेश राय (63 वर्ष) के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, गणेश राय गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ अपने खेत की तरफ निकले थे. इसी दौरान खेत में गिरा हुआ 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन जर्जर तार उनके संपर्क में आ गया, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए.

एक युवक की हालत गंभीर, सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के वक्त गणेश राय के साथ खेत में काम कर रहा एक और युवक भी इस करंट की चपेट में आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसकी भी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि दिलीप कुमार एवं सरपंच प्रतिनिधि राजेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गणेश राय को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि किसान के बाएं हाथ और दोनों पैरों में करंट का गंभीर असर होने के कारण उनकी जान चली गई.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही बाजपट्टी थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर और अस्पताल पहुंची. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है. इस घटना के बाद से रसलपुर गांव में बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तारों को समय पर न बदले जाने के कारण ही आज एक बेकसूर किसान की जान चली गई.या.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सत्य प्रकाश पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं. वे जमीनी स्तर और प्रखंड से जुड़ी विभिन्न प्रकार की विकासात्मक व जनहित की खबरों को प्रमुखता से कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >